सोमवार, जून 11, 2007

छज्जा गिरने से घुड़चढ़ी देख रहीं तीन लड़कियां घायल

कैराना(मुजफ्फरनगर)। कस्बे में शनिवार की रात छज्जे पर खड़ी होकर घुड़चढ़ी देख रही तीन लड़कियां छज्जा गिरने से गंभीर रूप से घायल हो गयीं। घायल लड़कियों में से एक को पानीपत भेजा गया है, जबकि दो को एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। कस्बे के मोहल्ला दरबार खुर्द में शनिवार की रात लगभग 11 बजे विवाह समारोह में घुड़चढ़ी हो रही थी, जिसे 16 वर्षीय उषा पुत्री धर्मपाल, 15 वर्षीय रेशमा पुत्री सलीम पड़ोस के ही महीपाल सिंह की छत पर उसकी 13 वर्षीय पुत्री सविता के साथ खड़ी होकर देख रही थीं। अचानक छत का छज्जा गिर जाने से तीनों लड़कियां मलबे में दबकर गंभीर रूप से घायल हो गई। लड़कियों को परिजनों व स्थानीय लोगों ने मलबे से निकाला और एक निजी चिकित्सालय में भर्ती कराया। चिकित्सकों ने उषा की हालत गंभीर देखते हुए उसे पानीपत के लिए रेफर कर दिया।

कोई टिप्पणी नहीं: